रायसेन की घटना के बाद बैतूल जिला जेल में औचक निरीक्षण, बंदियों के सामान की हुई सघन तलाशी
रिपोर्टर: सुरेन्द्र बावने, बैतूल
जन जन की आवाज न्यूज़ 24
बैतूल। रायसेन जेल में हुई घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैतूल जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में 2 सितंबर 2026 को कलेक्टर बैतूल श्री संजय सोनवणे एवं पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने जिला जेल बैतूल का संयुक्त औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बैरक, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, बंदियों के रिकॉर्ड, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का जायजा लिया गया।
सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल की मौजूदगी में बंदियों के बैरकों में रखे सामान और बिस्तरों की सघन चेकिंग की गई। तलाशी के दौरान नशीले पदार्थ, धूम्रपान सामग्री, अवैध कट्टा-चाकू, मोबाइल अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई।
अधिकारियों ने जेल के मुख्य प्रवेश द्वार पर आगंतुकों के प्रवेश-निकास रजिस्टर तथा बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों और अन्य आगंतुकों के रिकॉर्ड की भी जांच की।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जेल प्रशासन को नियमित चेकिंग, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा सभी आवश्यक अभिलेखों का विधिवत संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक योगेंद्र तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे, एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम सहित पुलिस एवं जेल विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें